Translate To :  
BREAKING NEWS

आर्य अष्टांगिक मार्ग अनुवाद

आर्य अष्टांगिक मार्ग अनुवाद
37
Share post on Social Media

प्रस्तावना:

आर्य अष्टांगिक मार्ग के आठ अंग—सत्यमार्ग दृष्टि, सत्यमार्ग संकल्प, सत्यमार्ग वाणी, सत्यमार्ग कर्म, सत्यमार्ग आजीविका, सत्यमार्ग प्रयत्नशीलता, सत्यमार्ग स्मृति और सत्यमार्ग समाधि—जीवन के प्रत्येक क्षेत्र को शुद्ध, संतुलित और कल्याणकारी बनाने का मार्गदर्शन करते हैं। जब इन आठों अंगों का समन्वित रूप से अभ्यास किया जाता है, तब व्यक्ति का चरित्र, विचार, व्यवहार और समाज के प्रति दृष्टिकोण सकारात्मक रूप से परिवर्तित होता है।

आइए, हम भगवान बुद्ध द्वारा प्रदर्शित इस महान मार्ग को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में धारण करें, ताकि व्यक्तिगत, सामाजिक और वैशिक स्तर पर शांति, समता, करुणा और मानव कल्याण की स्थापना हो सके।

आर्य अष्टांगिक मार्ग को अधिक सरलता और सहजता से समझाने के उद्देश्य से इस लेख में “सम्मा (Sammā)” शब्द का हिंदी रूप “सत्यमार्ग” के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

यह एक व्याख्यात्मक (interpretive) अनुवाद है, न कि शाब्दिक (literal) अनुवाद।

यहाँ “सम्मा” को समझाने के लिए इसे इस प्रकार विभाजित किया गया है:

  • “स” = सत्य
  • “म्मा” = मार्ग

इस प्रकार “सम्मा” का अर्थ “सत्यमार्ग”, अर्थात सत्य और धम्मानुकूल मार्ग के रूप में ग्रहण किया गया है, ताकि आर्य अष्टांगिक मार्ग के प्रत्येक अंग का भाव सामान्य पाठकों तक अधिक स्पष्ट रूप से पहुँच सके।

धम्म का व्याख्यात्मक अर्थ

धम्म शब्द को समझने के लिए इसे निम्न प्रकार से देखा जा सकता है:

  • “ध” = धारण करना
  • “म्म” = मार्ग

अर्थात् “धम्म” का व्याख्यात्मक अर्थ है — “धारण करने योग्य मार्ग” या “धारण करने वाला मार्ग।”

संस्कार:

संस्कार मनुष्य के मन, वाणी, कर्म, भावनाओं और संवेदनाओं का समन्वित निर्माण है। यही संस्कार उसके व्यक्तित्व, आचरण और जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं। बौद्ध धम्म के अनुसार संस्कार परिवर्तनशील (अनित्य) हैं और सतत अभ्यास द्वारा उन्हें श्रेष्ठ बनाया जा सकता है।

Lord Buddha teaching the Arya Ashtangik Marg (Noble Eightfold Path) beneath a Bodhi tree, surrounded by disciples, with the Dhammachakra symbolizing the Eightfold Path to wisdom, compassion, and liberation from suffering.

!! आर्य अष्टांगिक मार्ग !!

संस्कार में दुःख है, यह सत्य है।

तृष्णा उत्पन्न करने वाले संस्कार ही, संस्कारों में दुःख का मूल कारण हैं, यह सत्य है।

संस्कार में उत्पन्न दुःख और तृष्णा नश्वर हैं, यह सत्य है।

आर्य अष्टांगिक मार्ग के संस्कारोंको धारण करना ही, दुःख-मुक्ति संस्कार तथा निर्वाण प्राप्ति का सत्य मार्ग है, यह सत्य है।

मैं आर्य अष्टांगिक मार्ग के संस्कारों का आजीवन पालन एवं अनुकरण करने का संकल्प धारण करते हुए दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं इस संकल्प की सिद्धि के लिए योग्य प्रेरणाओं और आदर्शों का संरक्षण, संवर्धन तथा अनुकरण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं हत्या और हिंसा से रहित वाणी धारण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं चोरी, छल और धोखाधड़ी से रहित वाणी धारण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं विवाहित एवं अविवाहित स्त्री-पुरुष के प्रति व्यभिचार, अशोभनीय तथा अनैतिक वाणी से दूर रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं निरर्थक, अतार्किक और अनुपयोगी वाणी का त्याग कर हितकारी एवं सार्थक वाणी धारण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं नशा, जुआ और सट्टे को बढ़ावा देने वाली वाणी से दूर रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं हत्या और हिंसा से रहित कर्म करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं चोरी, छल और धोखाधड़ी से रहित कर्म करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं विवाहित एवं अविवाहित स्त्री-पुरुष के साथ व्यभिचार से रहित, शुद्ध और नैतिक आचरण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं निरर्थक, अतार्किक और अनुपयोगी कर्मों का त्याग करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं नशा, जुआ और सट्टे से रहित जीवन एवं कर्म अपनाने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं नैतिकता, सदाचार और ईमानदारी के मार्ग से धन-संपत्ति अर्जित कर आदर्श जीवन जीने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं पूर्व में निर्मित आर्य अष्टांगिक मार्ग के विरोधी संस्कारों का नाश करने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं भविष्य में आर्य अष्टांगिक मार्ग के विरोधी संस्कार उत्पन्न न हों, इसके लिए आजीवन सजग और प्रयत्नशील रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं पूर्व से विद्यमान आर्य अष्टांगिक मार्ग के अनुरूप शुभ संस्कारों का संवर्धन और विकास करने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं नए शुभ एवं आर्य अष्टांगिक मार्ग के अनुरूप संस्कारों का निर्माण, संवर्धन और विकास करने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

मैं अपने शरीर की अनित्य एवं नश्वर संवेदनाओं के प्रति सदैव जागरूक रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।
(वेदनानुपश्यना / वेदना-विपश्यना)

मैं अपने शरीर के अनित्य एवं नश्वर कर्मों और उनकी स्मृति के प्रति सदैव जागरूक रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।
(कायानुपश्यना / काय-विपश्यना)

मैं अपने मन में उत्पन्न होने वाले अनित्य एवं नश्वर विचारों और चित्त की अवस्थाओं के प्रति सदैव जागरूक रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।
(चित्तानुपश्यना / चित्त-विपश्यना)

मैं अपने मन में धम्म तथा आर्य अष्टांगिक मार्ग की स्मृति के प्रति सदैव जागरूक रहने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।
(धम्मानुपश्यना / धम्म-विपश्यना)

मैं आर्य अष्टांगिक मार्ग के संस्कारों को आजीवन एकसंघ (अखंड), एकाग्रचित्त एवं पूर्ण समर्पण के साथ धारण करने की दीक्षा ग्रहण करता/करती हूँ।

समापन संदेश:

आर्य अष्टांगिक मार्ग केवल एक धार्मिक उपदेश नहीं, बल्कि मनुष्य के संपूर्ण जीवन को सत्य, प्रज्ञा, करुणा और नैतिकता के आधार पर रूपांतरित करने का व्यावहारिक मार्ग है। यह मार्ग हमें सिखाता है कि दुःख का कारण बाहरी संसार नहीं, बल्कि हमारे भीतर उत्पन्न होने वाली तृष्णा, आसक्ति और अविद्या है। जब मनुष्य सत्यमार्ग दृष्टि, सत्यमार्ग संकल्प, सत्यमार्ग वाणी, सत्यमार्ग कर्म, सत्यमार्ग आजीविका, सत्यमार्ग प्रयत्नशीलता, सत्यमार्ग स्मृति और सत्यमार्ग समाधि को अपने जीवन में धारण करता है, तब उसका जीवन शांति, समता और प्रज्ञा से प्रकाशित हो जाता है।

यह मार्ग किसी जाति, धर्म, भाषा, राष्ट्र या संप्रदाय तक सीमित नहीं है। यह समस्त मानवता के कल्याण, समानता, बंधुत्व और करुणा का सार्वभौमिक मार्ग है। भगवान बुद्ध ने स्वयं कहा कि केवल उनके वचनों को मान लेना पर्याप्त नहीं है; उन्हें अपने जीवन में परखकर, अनुभव कर और आचरण में उतारना ही वास्तविक धम्म है।

आइए, हम सब संकल्प लें कि अपने विचारों, वाणी और कर्मों को धम्म के अनुरूप बनाकर ऐसा समाज निर्मित करेंगे जहाँ सत्य, करुणा, अहिंसा, समता और मानवता सर्वोच्च मूल्य हों। यही बुद्ध की शिक्षा का सार है, यही धम्म का उद्देश्य है और यही निर्वाण की दिशा में पहला कदम है।

“बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय — यही धम्म का शाश्वत संदेश है।”

नमो बुद्धाय।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *